*”5 से 21 जून तक चलेगा महाजनसंपर्क अभियान, घर-घर पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता”*
*जनता की सेवा और सुशासन से कांग्रेस परेशान, घबराहट में कर रहे विरोध : उप मुख्यमंत्री अरुण साव*
रायपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर अटल नगर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष रहे हैं। इन वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में कई उपलब्धि हासिल की है। अधोसंरचना विकास, आत्मनिर्भर, निर्यात वृद्धि और आर्थिक मजबूती के साथ आम लोगों का जीवन भी सुविधाजनक बना है। पीएम प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। श्री साव ने बताया कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर 5 जून से 21 जून तक देशभर में महाजनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क, हितग्राहियों से संवाद, प्रदर्शनी और विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में भी यह अभियान व्यापक स्तर पर संचालित होगा।
श्री साव ने कहा कि कांग्रेस लगातार अर्थव्यवस्था को लेकर भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी वैश्विक चुनौती के बाद भी भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती से आगे बढ़ाया है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। रक्षा, उद्योग, स्टार्टअप और निर्यात सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कांग्रेस को वर्तमान उपलब्धियों की तुलना में अपने शासनकाल की स्थितियों पर आत्ममंथन करना चाहिए। श्री साव ने नगरीय निकाय चुनाव परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। वहीं रायपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। सरकार की यह जनहितकारी पहल कांग्रेस को रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के प्रति अपनी जवाबदेही पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है और आगे भी निभाती रहेगी।
