पेंड्रा क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या

पेंड्रा। जीपीएम जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम को एक सराफा व्यापारी की बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। भरे बाजार हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना पर पेंड्रा पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुचकर जांच शुरू कर दी हैं। मिली जानकारी के अनुसार पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू कोटमी बाजार में सोने-चांदी का व्यापार करने पहुंचे थे। बाजार के दौरान ही शाम के समय बाइक पर सवार तीन युवक अचानक दुकान पहुंचे और व्यापारी के सीने में गोली मार दी और फरार हो गए। उधर, खून से लथपथ व्यापारी को स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने वारदात के दौरान लूट की घटना को भी अंजाम दिया है। हालांकि कितनी रकम या कितना सोना-चांदी लूटा गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मौके पर एक कारतूस भी मिला है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश में जिलेभर में नाकेबंदी की गई है। भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में हुई हत्या और लूट की इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।