अरुण देव गौतम बने प्रदेश के नए पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक

रायपुर।  राज्य सरकार ने लंबे समय से प्रभारी जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को अब राज्य का पूर्णकालिक पुलिस प्रमुख नियुक्त कर दिया गया है। आदेश जारी होने के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी नई जिम्मेदारी को लेकर बातचीत होती रही।

सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद अब अरुण देव गौतम आधिकारिक तौर पर प्रदेश पुलिस की कमान संभालेंगे। वे पिछले करीब एक साल से प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें स्थायी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

किसान परिवार से निकलकर पहुंचे शीर्ष पद तक

1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम का जन्म उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव में हुआ था। उनका परिवार सामान्य किसान पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है। शुरुआती पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।

उच्च शिक्षा के बाद चुनी पुलिस सेवा

अरुण देव गौतम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और राजनीति शास्त्र में एमए किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की। साल 1992 में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा में हुआ। शुरुआत में उन्हें मध्य प्रदेश कैडर मिला था और प्रशिक्षु अधिकारी के तौर पर पहली पोस्टिंग जबलपुर में दी गई थी।

कई जिलों में संभाल चुके हैं जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुना। प्रदेश में वे कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जैसे जिलों में वे एसपी रह चुके हैं। पुलिस विभाग में उन्हें शांत स्वभाव और प्रशासनिक अनुभव वाले अधिकारी के रूप में देखा जाता है।

अब स्थायी रूप से संभालेंगे पुलिस विभाग

पिछले एक साल से वे प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में काम कर रहे थे। अब राज्य शासन ने उन्हें पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को लेकर नई रणनीति पर भी काम हो सकता है।