छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल के नतीजे घोषित: 12वीं में 71% छात्र सफल, 10वीं का रिजल्ट 58.39% रहा 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ओपन स्कूल से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल (CGSOS) ने मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम गुरुवार को जारी कर दिए। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मंत्रालय महानदी भवन से रिजल्ट की घोषणा की। विद्यार्थी अपना परिणाम CGSOS की आधिकारिक वेबसाइट http://www.sos.cg.nic.in तथा http://www.result.cg.nic.in रिजल्ट पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं। हाईस्कूल यानी 10वीं परीक्षा में कुल 33,893 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 31,852 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 39 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया है।

जारी किए गए 31,813 परिणामों में से 18,578 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस वर्ष 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 58.39 प्रतिशत रहा। वहीं हायर सेकेंडरी यानी 12वीं परीक्षा में 40,256 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें 38,883 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 40 विद्यार्थियों का परिणाम रोका गया है। जारी किए गए 34,961 परिणामों में 24,823 विद्यार्थी सफल रहे। 12वीं का कुल रिजल्ट 71प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। रिजल्ट घोषणा के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष रेनू जी पिल्लई, सचिव पुष्पा साहू और ओपन स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।