नारायणपुर। प्रदेश के नारायणपुर जिले में आज आईईडी निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट होने से कांकेर जिला रिजर्व गार्ड यानी डीआरजी के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन के लिए टीम रवाना की गई थी। अभियान के दौरान आईईडी को निष्क्रिय करते समय अचानक विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही शहीद हो गए।
घटना मे घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को बेहतर इलाज के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर हाल के महीनों में बस्तर संभाग में बड़ी संख्या में आईईडी बरामद कर निष्क्रिय करने की कार्रवाई चल रही है ।
