बालोद। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों में शोक की लहर दौड़ा दी है। नामकरण यानी छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन मंगचुवा थाना क्षेत्र के भंवरमरा गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में पददेटोला गांव की 68 वर्षीय मानबाई, पति बिदराम और 40 वर्षीय नंदनी बाई करियाम शामिल हैं। मानबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदनी बाई अस्पताल पहुंचने के बाद नहीं बच सकीं। हादसे में घायलों में दो मासूम बच्चे, वाहन चालक और अन्य ग्रामीण शामिल हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गोटाटोला थाना क्षेत्र के पददेटोला गांव के लोग खड़बत्तर गांव में छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पिकअप में लगभग 20 लोग सवार थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित मदद से सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को राजनांदगांव के उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया है। वहां उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच कर रही है कि हादसे का कारण तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग या कोई अन्य तकनीकी खराबी थी। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतनी जरूरी है।
नामकरण कार्यक्रम से लौट रही पिकअप पलटी, दो महिलाओं की मौत, 18 घायल
