रायपुर/ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर को बड़ी सौगात देते हुए डीएम-कार्डियोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) में दो स्नातकोत्तर सीटों की अनुमति प्रदान की है। यह अनुमति पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति हेल्थ साइंसेज एवं आयुष यूनिवर्सिटी के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर दी गई है।
एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने विशेषज्ञों के समूह एवं समीक्षा समिति के साथ कॉलेज द्वारा प्रस्तुत स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट (SAF) और मूल्यांकनकर्ताओं की रिपोर्ट की समीक्षा की। समीक्षा के बाद एनएमसी अधिनियम 2019 के प्रावधानों तथा 2 जून 2023 को जारी स्थापना, मूल्यांकन और रेटिंग विनियम, 2023 (Establishment, Assessment and Rating Regulations-2023) और 23 अगस्त 2024 को अपलोड किए गए न्यूनतम मानक आवश्यकताएं (PG-MSR 2023) के मानकों के आधार पर शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए डीएम-कार्डियोलॉजी में दो सीटों को मंजूरी देने का निर्णय लिया गया।
पं. नेहरू मेडिकल कॉलेज को डीएम-कार्डियोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी कोर्स की दो सीटों के लिए मिली इस स्वीकृति से प्रदेश में हृदय रोग विशेषज्ञों की संख्या बढ़ाने और उन्नत हृदय उपचार सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा और शोध को भी बढ़ावा मिलेगा।
