अहमदाबाद। भारत ने रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 ट्रॉफी जीती. भारत का यह लगातार दूसरा और कुल तीसरा खिताब है. इसी के साथ भारत तीन बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने वाला दुनिया का पहला देश भी बन गया.
लगातार दूसरा और कुल तीसरा वर्ल्ड कप जीतने वाली भारत पहली टीम
भारत ने वो कर दिखाया, जो दुनिया की किसी टीम ने आज तक नहीं किया था. टीम इंडिया तीसरी बार टी-20 चैंपियन बनने वाली दुनिया की पहली टीम बन चुकी है. न्यूजीलैंड को 2026 टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हराते ही भारत टाइटल डिफेंड करने वाली भी पहली टीम बन गई. अब सूर्यकुमार यादव का नाम महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे वर्ल्ड चैंपियन कप्तानों के साथ लिया जाएगा.
भारत ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए
इसी के साथ टीम इंडिया ने इतिहास भी रच दिया. भारत ने न सिर्फ फाइनल में न्यूजीलैंड को रौंदा बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. आज से पहले किसी टीम ने लगातार दो ट्रॉफी नहीं जीती थी. यानी भारत अपना टाइटल डिफेंड करने वाली दुनिया की पहली टीम बन चुकी है. इतना ही नहीं अपने घर पर भी किसी टीम ने वर्ल्ड कप नहीं जीता था. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने वो कमाल भी कर दिया. अब भारत सबसे ज्यादा तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन चुकी है. इसके बाद वेस्टइंडीज ने दो बार खिताब अपने नाम किया है.
