दुर्ग में अफीम की खेती, डेढ़ से दो एकड़ में फसल बरामद, भाजपा नेता सहित तीन गिरफ्तार 

* आबकारी, राजस्व, मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं NCB रायपुर की टीम मौके पर मौजूद

* फसल के लिए जा रहे हैं सैंपल भाजपा नेता निलंबित

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मक्के की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। मौके से करीब डेढ़ से दो एकड़ क्षेत्र में अफीम के पौधे पाए गए हैं, जबकि शुरुआती अनुमान के अनुसार 4 से 5 एकड़ तक खेती किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दुर्ग पुलिस के द्वारा इस मामले में भाजपा नेता सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर आबकारी राजस्व मजिस्ट्रेट पुलिस एवं एनसीबी रायपुर की टीम मौजूद है। दुर्ग पुलिस के द्वारा फसल के सैंपल भी एकत्रित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने विनायक ताम्रकर प्रदेश संयोजक राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प किसान मोर्चा जिला दुर्ग को अनुशासनहीनता एवं पार्टी की छवि धूमिल करने के कारण निलंबित कर दिया है। यह मामला समोदा और झिंझरी गांव के बॉर्डर पर स्थित खेत का है, जो राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार झिंझरी गांव के खसरा नंबर 310 में दर्ज है। करीब 9 एकड़ 92 डिसमिल जमीन वाले इस खेत के भूमि स्वामी के रूप में मधुमति ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकर पिता सीताराम का नाम सामने आया है।

मक्के की फसल के बीच छिपाकर बोई गई अफीम

जानकारी के मुताबिक पूरे खेत में मक्के की फसल लगी हुई थी और उसी के बीच लंबे समय से अफीम के पौधे लगाए गए थे ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलने के बाद एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने 6 मार्च को मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मक्के के बीच अफीम के पौधे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को बुलाकर निरीक्षण कराया और फसल के सैंपल भी एकत्र किए गए। शुरुआती अनुमान के अनुसार बरामद अफीम की संभावित कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

सरपंच ने लगाया भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष पर आरोप

समोदा गांव के सरपंच और सरपंच संघ के उपाध्यक्ष अरुण गौतम ने आरोप लगाया है कि यह खेत भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकर और बृजेश ताम्रकर का है और वही इस जमीन पर खेती कर रहे थे।
सरपंच का कहना है कि उन्हें दो दिन पहले व्हाट्सऐप पर खेत की फोटो मिली थी। फोटो देखकर गूगल के माध्यम से जांच की गई, जिससे यह पुष्टि हुई कि खेत में अफीम की खेती हो रही है। इसके बाद 5 मार्च को जेवरा सिरसा चौकी में इसकी सूचना दी गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने वाले पंच के साथ मारपीट की गई है।

भाजपा नेता ने आरोपों से किया इंकार 

वहीं भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अफीम की खेती के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उनका कहना है कि जमीन अधिया पर खेती के लिए दी गई थी और उन्हें जानकारी मिली कि झिंझरी गांव में कुछ राजस्थानी लोग चोरी-छिपे अफीम की खेती कर रहे हैं। इसी सूचना के बाद वे अपने खेत को देखने पहुंचे थे।

पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस के द्वारा इस पूरे मामले का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस के द्वारा अपराध पंजीबद्ध करने के बाद तीन लोगों में विनायक ताम्रकार बृजेश ताम्रकार एवं राजस्थान निवासी केयरटेकर विकास बिश्नोई को हिरासत में लेकर इस मामले में पूछताछ की जा रही है।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो सहित कई विभागों की टीम मौके पर

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम समुदाय में अफीम के खेती हो रहे स्थान पर नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो रायपुर, राजस्व विभाग दुर्ग, आबकारी विभाग दुर्ग, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस के आला अफसर की टीम मौजूद हैं।

फसल के लिए गए सैंपल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि दुर्ग पुलिस मौके पर मौजूद है और मक्के की फसल के मध्य लगाए गए अफीम के पौधों के सैंपल लिए जा रहे हैं इन सैंपलों को लेने के बाद जांच के लिए लेबोरेटरी भेजा जाएगा।

विनायक ताम्रकार को भाजपा से निलंबित

खेतिहर भूमि में अफीम की फसल करने वाले विनायक ताम्रकार को भाजपा ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। विनायक, पार्टी के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प का प्रदेश संयोजक था। पार्टी ने कहा कि विनायक का यह कृत्य अनुशासनहीन और छवि धूमिल करने वाला है।

बता दें कि पुलिस ने कल ही दुर्ग में शिवनाथ नदी पार समोदा में विनायक की खेत में अफीम की फसल को बरामद किया था। यह अफीम, मक्के की फसल के बीच लगाया था। इस मामले में विनायक का बेटा भी शामिल है। फिलहाल विनायक पुलिस हिरासत में है।