
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अहम नियुक्तियां की है. बस्तर से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल को विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्ति किया है. वहीं दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप और दिलीप लहरिया को डिप्टी व्हिप नियुक्त किया गया है. ये नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की सहमति के बाद की गई है. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कांग्रेस विधायी दल में की गई नई नियुक्तियों का स्वागत किया है। उन्होंने तीनों पदाधिकारियों बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, डोंगरगाँव विधायक दलेश्वर साहू और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. महंत ने विश्वास जताया है कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रदेश कांग्रेस में अहम नियुक्तियां: लखेश्वर छग विस में उप नेता प्रतिपक्ष, दलेश्वर चीफ व्हिप बने
