धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना इलाके के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुए एक हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में एक एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे में कोबरा बटालियन के वीर जवानों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित हमारे जांबाज जवानों का निधन अत्यंत हृदयविदारक है और यह क्षति अपूरणीय है।
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर से लौट रही एक तेज रफ्तार डिजायर कार खपरी बाईपास पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे घुस गई और उसमें सवार जवान बुरी तरह फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चीख पुकार मच गई, कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.
इस हादसे में जवान मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड और हीरा लाल नागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अभियान राय नामक एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे शवों को बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल जवान के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
