जे.एन.एम. मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी व चरक शपथ का आयोजन

रायपुर। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में एम. बी. बी. एस. (2025 बैच) प्रथम वर्ष में नव प्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा आचार संहिता की शपथ दिलाने के लिए ‘‘व्हाइट कोट सेरेमनी’’ एवं “चरक शपथ समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर रहे। आयोजन करीकुलम कमेटी द्वारा किया गया, जिसकी सदस्य सचिव डॉ. राबिया परवीन सिद्दीकी रहीं।

इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी ने विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक व्यवसाय का क्षेत्र नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राबिया परवीन सिद्दीकी ने चरक शपथ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आचार्य चरक की शिक्षाएं चिकित्सकों को अनुशासन, गुरुजनों के प्रति सम्मान और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा का मार्ग दिखाती हैं, जो एक आदर्श एवं कुशल चिकित्सक बनने के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में करीकुलम कमेटी के सदस्य डॉ. जागृति अग्रवाल, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. दिवाकर धुरंधर, डॉ. वर्षा पांडे, डॉ. प्राची दुबे एवं डॉ. प्रतीक्षा अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन प्रतिभा सरकार एवं संतोष शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. दिवाकर धुरंधर ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।