मुठभेड़ में एक करोड़ रूपये से अधिक का इनामी शीर्ष माओवादी नेता गणेश उइके सहित छह माओवादी ढेर 

कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रूपये से अधिक का इनामी शीर्ष माओवादी नेता गणेश उइके सहित छह माओवादी मारे गए हैं। इनमें दो महिला माओवादी भी शामिल हैं। घटनास्थल से सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा की स्पेशल फोर्स-एसओजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर निकली थी। इस दौरान कंधमाल जिले से लगे राम्पा के जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में छह माओवादी मारे गए। इनमें से दो माओवादियों की पहचान एसीएम बारी उर्फ राकेश रायगड़ा सुकमा और दूसरा माओवादी प्लाटून सदस्य अमृत बीजापुर छत्तीसगढ़ के रूप में की गई है। घटनास्थल से रिवॉल्वर, रायफल और वॉकी-टॉकी सहित अन्य माओवादी सामग्रियां बरामद की गई हैं।