
0 अवैध धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठन के लोग लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतरे
रायपुर। कांकेर में धर्मांतरित व्यक्ति का शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के बाद छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने प्रदेश में सामाजिक अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए बुधवार 24 दिसंबर को बंद का आव्हान किया था। रायपुर बंद सफल रहा, शहर के चारों तरफ बंद का असर देखने को मिला है, सर्व समाज को हिंदू संगठनों और चेंबर ऑफ कामर्स का समर्थन मिला। रायपुर में स्कूल, दुकानें और कई कॉमर्शियल प्रतिष्ठान सुबह से बंद रहे। रायपुर में हिंदू संगठनों के सदस्य, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ मिलकर बंद करवाए। हिंदू संगठन के लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरे और लोगों से अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की जिसका व्यापारिक संगठन ने समर्थन किया। इस बंद को आरएसएस छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स और राज्य के कई व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का समर्थन मिला है। बाजार, दुकानें और निजी संस्थान बंद, जबकि अस्पताल, मेडिकल स्टोर और इमरजेंसी सेवाएं खुली रही। जनजातीय सुरक्षा मंच के नेताओं ने कहा है कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर किया गया। रायपुर में व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और रोजमर्रा की चहल पहल नदारद दिखी। अधिकांश जगहों पर दुकानें नहीं खुलीं, जिससे आम लोगों को दैनिक जरूरतों की खरीदारी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। सार्वजनिक परिवहन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहा।
*हिन्दू संगठनों ने मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ की, ब्लिंकिट कर्मचारियों को पीटा,*
कांकेर में धर्मांतरण और हिंसा के खिलाफ विरोध कर रहे हिंदू संगठन के लोग सड़कों पर उतरे। रायपुर में हिंदू संगठन के लोगों ने मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ की। क्रिसमस की जो सजावट की गई थी, उसे तोड़ दिया। फूल और सजावट का सामान हर जगह बिखरे । वहीं, रायपुर के कटोरा तालाब स्थित ब्लिंकिट के ऑफिस में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों से मारपीट की। एक कार्यकर्ता मारपीट करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सामान डिलीवरी के दौरान दुकान में घुसकर मारपीट की है। लाठी से मारते हुए दिख रहा है। तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि रायपुर बंद के लिए समर्थन लेने निकले कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की है, लेकिन अब तक प्रबंधन की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*व्यापारियों से समर्थन मिला*
हिंदू संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ता गौतम नायक ने बताया कि व्यापारियों का समर्थन मिला। जिसका असर आज देखने को मिला। उन्होंने आगे बताया कि हिंदू अब जाग रहे हैं।शहरवासियों ने बंद का समर्थन किया।
*बंद का आव्हान सफल रहा*
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थेरानी ने बताया कि कॉमर्स ने बंद का समर्थन किया था। जो पूर्ण रूप से सफल रहा। प्रदेशवासियों ने शांतिपूर्ण रूप से सहयोग किया। रायपुर के सभी व्यापारियों को बंद करने का निर्देश दिया गया था। मंगलवार सुबह से ही दुकान बंद रहे।
*धर्मांतरण के विरुद्ध जनजाति समाज और पूरा प्रदेश एकजुट है : भाजपा*
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सनातनी परम्पराओं पर धर्मांतरण के जरिए हो रहे हमलों के खिलाफ भाजपा मुखर रही है और अब आदिवासी सर्व समाज के साथ पूरा प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परम्पराओं की रक्षा के लिए एकजुट होकर खड़ा हुआ है।
इससे पूरे प्रदेश व देश में यह संदेश गया है कि भय, दबाव और प्रलोभन के जरिए किया जा रहा धर्मांतरण सख्ती से रोका जाए।
*बंद समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर गुंडागर्दी किया: कांग्रेस*
कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि कथाकथित सर्व समाज के नाम पर छत्तीसगढ़ बंद करवाया गया था। यह बंद सरकार और आरएसएस का प्रायोजित बंद था। आरएसएस से जुड़े लोग सड़कों पर उतरकर गुंडागर्दी किए । रायपुर के मैग्नेटो मॉल में सैकड़ो लोग घुसकर तोड़फोड़ की साथ ही राजनांदगांव में आम लोगों को रोककर गाली दी गई।बिलासपुर, रायगढ, बस्तर समेत अन्य जगहों पर बंद समर्थकों ने हिंसात्मक कार्य किया।
