
*रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस “संगम मित्रों का” का हुआ समापन*
रायपुर। रोटरी क्लब धमतरी के तत्वावधान में आयोजित रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 की बहुप्रतीक्षित वार्षिक डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस “संगम मित्रों का” का भव्य एवं गरिमामय समापन रायपुर में संपन्न हुआ। इस दो दिवसीय मेगा कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे 1200 से अधिक रोटेरियन ने सहभागिता की और भारत में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के सामूहिक संकल्प के साथ सम्मेलन से विदा ली।
कॉन्फ्रेंस की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमेन रोटे नितिन जैन एवं को-चेयरमेन रोटे पंकज माहेश्वरी ने बताया कि यह सम्मेलन रोटरी के सेवा आदर्शों, आपसी सौहार्द और नेतृत्व विकास का सशक्त मंच सिद्ध हुआ। विभिन्न तकनीकी सत्रों, विचार-विमर्श एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से रोटरी की भावी योजनाओं और समाजोपयोगी परियोजनाओं पर गहन मंथन किया गया।
वही दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में 6 वर्ष बाद रायपुर पधारे रोटेरियन के मनोरंजन के लिए विशेष छत्तीसगढ़ व् उड़िसा के पारम्परिक नृत्य समूह, मैजिशियन, कॉमेडियन, बॉलीबुड व् टीवी जगत के मशहूर कलाकारों की प्रस्तुति आयोजित की गई थी।
सम्मेलन के अंतिम दिन आयोजित “रेथम ऑफ रोटरी” सांस्कृतिक स्पर्धा में विभिन्न राज्यों के रोटरी क्लबों की सृजनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को मंच से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
इस स्पर्द्धा से इन प्रतिभागियों को जहां एक तरफ राष्ट्रीय स्तर का मंच पर प्रस्तुति देंने का अवसर मिला वही इनमें उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
वही “टीम अमित” के 50 सदस्यों द्वारा इस कांफ्रेंस के दौरान डॉ पीहू जयासवाल के निर्देशन में “समूह नृत्य” की प्रस्तुति देकर सभागार में उपस्थित सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया।
रोटरी इंटरनेशनल के संविधान के अनुरूप आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में रोटे नवीन भवसार को सर्वसम्मति से रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के रोटरी वर्ष 2028-29 के लिए नया डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजयी घोषित किया गया। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2028 से प्रारंभ होगा। रोटेरियंस ने उनके नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की आशा व्यक्त की।
ओमाया गार्डन के प्रेक्षागृह के मंच पर रविवार को महाभारत की कालजयी नायिका द्रौपदी अपने समूचे तेज, वेदना, आग और आत्मसम्मान के साथ दर्शकों के सामने उपस्थित हुईं।
प्रसिद्ध कलाकार अंजना चांडक इस एकल-नाट्य में द्रौपदी के बहुआयामी स्वरूप को आधुनिक दृष्टि व मनस्थिति से साकार किया।
इस प्रस्तुति में द्रौपदी को उस स्त्री के रूप में प्रदर्शित किया गया, जो अपने युग के नियमों, अन्याय और अपमान पर मौन नहीं सहतीं और सभा में खड़े होकर प्रश्न पूछती हैं कि मेरे मान, मेरा अस्तित्व, मेरे अधिकार.. इनका स्वामी कौन? कलाकार अंजना चांडक के अभिनय की गहराई द्रौपदी की करुणा, क्रोध और पुनर्जन्म को इतने जीवंत रूप में सामने लाई कि दर्शक स्तब्ध रह गए और अंत सभी ने खड़े होकर तालियों से अभिवादन किया।
डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के दौरान रोटरी क्लब ऑफ रायपुर क्वींस के तत्वावधान में रोटरी परिवार की महिला सदस्यों के लिए विशेष हेल्थकेयर कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें मेमोग्राफी टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई। यह पहल महिला स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही, जिसकी सभी स्तरों पर सराहना की गई।
उल्लेखनीय है कि छह वर्षों के अंतराल के बाद रायपुर में आयोजित इस ऐतिहासिक डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को आयाम स्थापित करने वाला बताया जा रहा है। ऊर्जावान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित जायसवाल एवं प्रथम महिला रोटे पल्लवी जायसवाल के प्रेरणादायी नेतृत्व में यह आयोजन अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। “टीम अमित 25-26” के प्रत्येक सदस्य ने आयोजन की सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह कॉन्फ्रेंस न केवल रोटरी की सेवा भावना को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि आपसी मित्रता, समर्पण और सामूहिक नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण भी बना।
