अस्थिबाधित दिव्यांगजनों के लिए 17 दिसंबर को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन

रायपुर। अस्थिबाधित दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष रोजगार कार्यालय द्वारा 17 दिसंबर 2025 को रोजगार हेतु प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।

विशेष रोजगार कार्यालय की उप संचालक डॉ शशि अतुलकर ने बताया कि प्लेसमेंट कैम्प सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय (दिव्यांगजनों के नियोजन हेतु), पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, राजभवन के बाजू, सिविल लाइंस, रायपुर में आयोजित होगा। इस प्लेसमेंट कैम्प में टेक्नोटेक बिजनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव के 10 पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती की जाएगी। चयनित आवेदकों को 8 हजार से 14 हजार रुपये प्रतिमाह देय होगा तथा कार्यक्षेत्र रायपुर रहेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त इच्छुक अस्थिबाधित दिव्यांगजन, जो बिना किसी सहारे अथवा व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों, कंप्यूटर संचालन में दक्ष हों, अंग्रेजी समझने तथा हिंदी बोलने एवं लिखने में सक्षम हों और जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य हो, महिला एवं पुरुष दोनों इस प्लेसमेंट कैम्प में शामिल हो सकते हैं। आवेदकों को कैम्प में उपस्थित होते समय 10वीं/12वीं स्नातक उत्तीर्ण की अंकसूची, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। कैम्प में आने-जाने हेतु कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा। भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था स्वयं आवेदक द्वारा की जाएगी। साथ ही अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर संपर्क किया जा सकता है। इस प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने के लिए आवेदक छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल (e-rojgar.cg.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीयन भी कर सकते हैं।