धान खरीदी में अव्यवस्था का मुद्दा विधानसभा में उठा

रायपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल के तुरंत बाद नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने धान खरीदी में अव्यवस्था का मामला उठाया और काम रोको प्रस्ताव की सूचना देकर तुरंत चर्चा कराने की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने काम रोको प्रस्ताव की ग्राह्यता पर चर्चा की अनुमति दी। ग्राह्यता पर चर्चा के दौरान विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी प्रक्रिया में अव्यवस्था और कुप्रबंधन के चलते किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।  पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि धान खरीदी से जुड़ी समितियों के प्रबंधक, कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं और सरकार उनकी मांगे मानने की बजाय उन पर कार्रवाई कर रही है।
चर्चा का जवाब देते हुए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने विपक्ष के आरोपों को नकारते हुए कहा कि प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था बेहतर हुई है और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था का सरलीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी के बदले अब तक साढ़े सात हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान हो चुका है। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि धान खरीदी को लेकर किसानों में आक्रोश है।