अमित बघेल का आत्मसमर्पण , 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा जेल

0 विवादित टिप्पणी को लेकर कई राज्यों में एफआईआर दर्ज,

रायपुर । आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने के मामले में फरार चल रहे, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने शुक्रवार
को देवेंद्र नगर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद अमित बघेल को कोर्ट में पेश किया गया।वहीं , गिरफ्तारी के बाद बघेल के समर्थकों ने आमापारा, जी रोड को जाम कर दिया। करीब 2 घंटे तक दोनों तरफ की रोड जाम रही। इसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए एक तरफ की रोड खोल दी है। जाम की वजह से आम लोगों को मुश्किलें हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ा। और रूट को खाली कराया। आपत्तिजनक बयानों से जुड़े मामले में अमित बघेल करीब 26 दिनों से फरार थे। उन पर 12 राज्यों में एफआईआर दर्ज है। इसके पहले 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल को कड़ी फटकार लगाते हुए उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा था कि, अपनी जुबान पर लगाम रखें। जहां- जहां एफआईआर दर्ज है, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। कोर्ट ने साफ कहा था कि कोई राहत नहीं दी जाएगी और कानून अपना काम करेगा।

*बघेल की मां का निधन, अदालत ने रिमांड पर भेजा जेल*

शुक्रवार को अमित बघेल की मां का निधन हो गया। उनके शव को उनके पैतृक गांव पथरी ले जाया गया है। जहां पर अमित बघेल की मां का अंतिम संस्कार किया गया । मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमित बघेल ने रायपुर की कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। रायपुर की अदालत ने अमित बघेल को तीन दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अगले 3 दिनों तक पुलिस अमित बघेल से पूछताछ करेगी। अदालत ने अमित बघेल को पुलिस कस्टडी के साथ मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी है। न्यायिक मजिस्ट्रेट जेनिफर लकड़ा की कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है।

* क्या है पूरा मामला*

छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने को लेकर 27 अक्टूबर को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल ने अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के इष्ट देवता झूलेलाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अमित बघेल के बयान के बाद अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने राजधानी सहित प्रदेश और देश भर में प्रदर्शन किया था। बघेल के खिलाफ कोतवाली और देवेंद्र नगर थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई थी। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को 23 अक्टूबर को तोड़े जाने के बाद प्रशासन के द्वारा 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की नई प्रतिमा स्थापित की गई है। उसी दिन मूर्ति तोड़े जाने वाले आरोपी जो की मानसिक रूप से विक्षिप्त था उसे भी गिरफ्तार किया गया था। इसी दौरान अमित बघेल ने 27 अक्टूबर को विवादास्पद बयान दिया।