मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भारतीय सिनेमा के ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र सिंह देओल (उम्र 89 वर्ष) का आज सुबह मुंबई स्थित उनके जुहू वाले आवास पर निधन हो गया। मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में बेटे सनी देओल ने मुखाग्नि दी।
धर्मेंद्र पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे और आज तड़के दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
1935 में पंजाब के फगवारा के पास एक छोटे से गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। ‘शोले’ में वीरू, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धर्मवीर’, ‘यमला पगला दीवाना’ जैसी सैकड़ों सुपरहिट फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया।
धर्मेंद्र ने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया और 1997 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए गए थे। 2012 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से भी नवाजा गया था।
भारतीय कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता धर्मेंद्र देओल के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उन्होंने कहा कि अपने सशक्त अभिनय, सिनेमा के प्रति समर्पण और विलक्षण प्रतिभा से उन्होंने करोड़ों दर्शकों के हृदय में स्थान बनाया। उनका जाना भारतीय कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों व प्रशंसकों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
