0 आगामी सत्र नए विधानसभा भवन में 14 से 17 दिसंबर तक होगा आयोजित
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधान सभा के पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा पर वर्तमान विधान सभा भवन में आज विशेष सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ विधान सभा के पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा पर अपने विचार रखे । चर्चा की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी के विधायक अजय चंद्राकर ने किया।अजय चंद्राकर ने सदन में बताया कि छत्तीसगढ़ विधान सभा का पहला सत्र राजकुमार कॉलेज रायपुर के जशपुर हॉल में टेंट में आयोजित किया गया था। छत्तीसगढ़ विधान सभा के गर्भगृह में अगर कोई सदस्य प्रवेश करते हैं तो सदस्य स्वमेव निलंबित हो जायेगें और आज भी इस परिपाटी का निर्वहन किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में बताया कि छत्तीसगढ़ विधान सभा के पहले विधान सभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल, मुख्यमंत्री अजित जोगी और विपक्ष के नेता नन्द कुमार साय थे। छत्तीसगढ़ विधान सभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने सदन को बताया कि आज का सत्र वर्तमान विधान सभा का आखिरी सत्र है ।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी सत्र 14 से 17 दिसंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित नए विधानसभा भवन में आयोजित होगा।
यह सत्र नवा रायपुर अटल नगर स्थित नए विधानसभा भवन में छत्तीसगढ़ विधानसभा का पहला सत्र होगा। पहली बार, छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र रविवार, जो 14 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। चूंकि छत्तीसगढ़ विधानसभा का पहला सत्र 14 दिसंबर, 2000 को शुरू हुआ था। इसलिए 14 दिसंबर रविवार के दिन ही नए विधानसभा भवन में सत्र शुरू होगा।
इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होती ही छत्तीसगढ़ विधान सभा ने सदन में अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक रजनीताई उपासने, छत्तीसगढ़ विधान सभा के पूर्व उपाध्यक्ष बनवारीलाल अग्रवाल और अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व सदस्य राधेश्याम शुक्ल के निधन होने पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
