भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं स्वर साधिका सुलक्षणा पंडित का निधन; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया गहरा शोक

*सुलक्षणा जी की आवाज़ में झलकती थी छत्तीसगढ़ की मिट्टी की सुगंध – मुख्यमंत्री*

रायपुर/ भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं मधुर स्वर साधिका, छत्तीसगढ़ की बेटी सुलक्षणा पंडित का आज मुंबई में निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सुलक्षणा जी का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि सुलक्षणा जी की कला यात्रा की जड़ें छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की उस सांस्कृतिक भूमि से जुड़ी थीं, जहाँ संगीत केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन की धारा है। रायगढ़ की पुरानी बस्ती रामगुड़ी पारा स्थित अशर्फी देवी महिला चिकित्सालय में जन्मी सुलक्षणा पंडित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पैलेस रोड स्थित शासकीय बालिका विद्यालय में प्राप्त की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुलक्षणा के पिता श्री प्रताप नारायण पंडित जी राजा चक्रधर सिंह के दरबार के प्रसिद्ध तबला वादक थे। संगीत उनके परिवार के जीवन का संस्कार था, और सुलक्षणा जी ने उसी संस्कार को अपने मधुर स्वरों के माध्यम से निखारकर सम्पूर्ण देश और दुनिया तक पहुँचाया।

उन्होंने कहा कि सुलक्षणा जी की आवाज़ में सादगी, भाव और छत्तीसगढ़ की मिट्टी की सुगंध झलकती थी। उन्होंने संगीत और अभिनय के माध्यम से न केवल भारतीय फिल्म उद्योग को समृद्ध किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुलक्षणा पंडित जी का जीवन संगीत, समर्पण और सादगी का प्रतीक था। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे।