रायपुर। राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन प्लांट में अचानक सिल्ली (कंक्रीट संरचना) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दर्जनों मजदूर मलबे में दब गए। घायलों को तत्काल देवेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, मलबे में दबे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर जुटी हैं। भारी मशीनरी की मदद से मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को राहत कार्य में सहयोग दिया। अधिकारियों का कहना है कि अभी मलबे में कितने मजदूर फंसे हुए हैं, इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार यह निर्माणाधीन संयंत्र गोदावरी इस्पात का बताया जा रहा है। यहां पर प्लांट एक्सटेंशन का काम चल रहा है। प्लेट्स बनाने वाली यूनिट में इस हादसे की जानकारी मिली है। हालांकि अधिकारिक तौर पर कितने मजदूर मारे गए हैं और कितने घायल हुए हैं इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब निर्माणाधीन प्लांट के पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में काम चल रहा था। अचानक सिल्ली भरभराकर गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के वक्त दर्जनभर से अधिक मजदूर मौके पर मौजूद थे। देखते ही देखते पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में दहशत
इस हादसे ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों और उनके परिवारों में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लांट में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों ने पहले भी सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया।