दुर्ग की शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा सिंह और कोरबा के शिक्षक संतोष कुमार चौरसिया राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित 

नई दिल्ली। आज शिक्षक दिवस है। इस अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों 45 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा सिंह और कोरबा जिले के शिक्षक संतोष कुमार चौरसिया शामिल हैं।
दुर्ग जिले की शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा सिंह को उनके अनोखे शिक्षण तरीकों के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। हनोदा मिडिल स्कूल में उन्होंने सांप-सीढ़ी और लूडो जैसे खेल-आधारित शिक्षण विधियों का प्रयोग कर बच्चों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाई। इन नवाचारी शिक्षण विधियों के चलते स्कूल में 100% छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई। जिसके चलते डॉ. प्रज्ञा सिंह की इस पहल को आज राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।

ग्रामीण बच्चों के लिए नवाचार और प्रेरणा

डॉ. प्रज्ञा सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल में सीमित संसाधनों के बावजूद मैथ्स लैब और मैथ्स पार्क तैयार किया। बच्चों के लिए गणित जैसे कठिन विषय को रोचक और सरल बनाने के लिए उन्होंने खेल-आधारित शिक्षण विधि अपनाई। बच्चों ने न सिर्फ गणित सीखा, बल्कि एक-दूसरे को पढ़ाने में भी मदद की।