नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज संक्षिप्त प्रवास पर वे दोपहर 12 बजे नई दिल्ली पहुँच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वे दोपहर साढ़े तीन बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके निवास पर मुलाक़ात करेंगे। यह बैठक सुरक्षा और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्रित रहेगी।
मुख्यमंत्री साय इस दौरान गृह मंत्री को छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों की ताज़ा प्रगति और हाल में मिली सफलताओं की जानकारी देंगे। वे यह भी साझा करेंगे कि राज्य सरकार किस तरह सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास और स्थिरता कायम करने की दिशा में काम कर रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री बस्तर में हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति पर भी चर्चा करेंगे। वे गृह मंत्री को राहत और पुनर्वास कार्यों के बारे में बताएंगे और यह संदेश देंगे कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैl
राजनीतिक दृष्टि से यह बैठक छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें सुरक्षा अभियानों और आपदा प्रबंधन—दोनों मोर्चों पर केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा तय होगी।