कबीरधाम जिले में ट्रक खाई में गिरा, 5 की मौत

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना अंतर्गत आगरपानी गांव के पास एक बोर ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरने से उसके परखच्चे उड़ गये। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 4 अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने खाई में ट्रक देखा और कबीरधाम पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद चार शवों को ट्रक के नीचे से निकाला और 5 को गंभीर रूप से घायल अवस्था में कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि ट्रक के नीचे और भी शव दबे हो सकते हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बोर वाहन मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान कुकदूर थाना क्षेत्र के अगरपानी चाटा में वाहन अनियंत्रित होकर 60 फुट गहरी खाई में गिर गया।
सूचना पर पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गया है। पुलिस को आशंका है कि यह घटना देर रात में हुयी होगी।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सडक़ दुर्घटना में पांच लोगों के दु:खद निधन और चार अन्य के घायल होने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।