नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज रात लगभग 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। राजधानी में वे आगामी दो दिनों तक केंद्र सरकार और पार्टी स्तर की महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगे, जिनका सीधा संबंध देश और राज्यों के विकास से है।
शनिवार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जिसमें देशभर के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल भाग लेंगे। बैठक में राज्यों को दी जाने वाली सहायता, बुनियादी ढांचे का विकास, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दे, तथा समावेशी और सतत विकास जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की ज़मीनी चुनौतियों और प्राथमिकताओं को मजबूती से रखेंगे। वे राज्य में औद्योगिक निवेश, कृषि क्षेत्र की मजबूती, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों तक योजनाओं की प्रभावी पहुँच जैसे विषयों पर अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे।
रविवार को मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे होटल अशोका में आयोजित भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में राज्यों की विकास योजनाओं के ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन, जनकल्याण की प्रभावशीलता, और सुशासन के साझा मॉडल पर अनुभव साझा किए जाएंगे।