0 एक जवान शहीद, एक घायल
बीजापुर। प्रदेश में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सुरक्षाबलों की तरफ से ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अब तक इस अभियान के दौरान डेढ़ करोड़ ईनामी नक्सलियों के शीर्ष नेता बसवा राजू समेत कुल 27 नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। अनुमान है कि अभियान के दौरान कई माओवादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान नक्सली हमले का बहादुरी से मुकाबला करते हुए डीआरजी के एक जवान का बलिदान हो गया। मुठभेड़ में कुछ अन्य जवानों को इस ऑपरेशन के दौरान चोटें आई हैं। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। सर्च अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबललों की इस सफलता पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों के पराक्रम की सराहना की है। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नक्सलियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर के जमावड़े की सूचना मिली थी। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव का अबूझमाड़ में ऑपरेशन सुबह से जारी था। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर आई है। अभी ऑपरेशन और सर्चिंग जारी है। बताया गया है कि डीआरजी के जवानों ने बड़े नक्सली लीडर्स को घेर लिया था। दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई।
इस मुठभेड़ में डेढ़ करोड़ का इनामी शीर्ष नक्सली बसव राजू भी मारा गया है। कई अन्य बड़े नक्सली नेताओं के भी मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इस अभियान को एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर अबूझमाड़ जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जहां उनका मजबूत गढ़ माना जाता है।
इस सफलता से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व है: पीएम
सुरक्षाबलों को मिली कामयाबी और 27 नक्सलियों के मारे जाने पर पीएम मोदी ने कहा कि हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व है। हमारी सरकार माओवाद के खतरे को खत्म करने और अपने लोगों के लिए शांतिपूर्ण और प्रगतिशील जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
3 दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब नक्सलियों का इतना बड़ा नेता मारा गया: शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि 3 दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब नक्सलियों का इतना बड़ा नेता मारा गया है। गृहमंत्री ने कहा कि नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू नक्सल आंदोलन की रीढ़ की हड्डी था। शाह ने इस ऑपरेशन को नक्सलवाद को खत्म करने की जंग में यह एक बड़ी सफलता बताया। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को देश से पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा, नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में यह एक ऐतिहासिक सफलता है। शाह ने आगे कहा,नक्सलवाद के खिलाफ तीन दशक की लड़ाई में यह पहली बार है जब महासचिव स्तर का नेता सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया है। मैं इस बड़ी सफलता के लिए हमारे सुरक्षाबलों और एजेंसियों को बधाई देता हूं। गृहमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 54 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 84 ने सरेंडर किया है।
जारी है विजय का शंखनाद, खत्म हो रहा नक्सलवाद: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नारायणपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी यूनिट के द्वारा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद, वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि अब तक 27 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें कुख्यात नक्सल लीडर नंबाला केशव राव और अलियास बसवराजू के खात्मे की भी पुष्टि हुई है। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी वीरता को नमन करता हूँ। ऑपरेशन के दौरान डीआरजी के एक जवान के वीरगति को प्राप्त होने और कुछ जवानों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवानों के त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
बड़े कैडर के नक्सलियों को घेरा: गृहमंत्री विजय शर्मा
नक्सल ऑपरेशन पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमावर्ती इलाके में बड़ा ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को मिले इनपुट के आधार पर ऑपरेशन लॉंच किया गया है। अब तक 27 नक्सली मारे गए हैं। वहीं इस ऑपरेशन में कई बड़े कमांडर फंसे हुए हैं। ऑपरेशन अभी भी जारी है, मरने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है और एक पुलिस सहयोगी भी शहीद हुआ है। नक्सलवाद को खत्म करने में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग ऑपरेशन अभी जारी है।