मुंबई। भारत कुमार कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन हो गया है। 87 साल की उम्र में अभिनेता ने आखिरी सांस ली। वह कुछ दिनों से मुंबई एक अस्पताल में भर्ती थे। पूरब और पश्चिम’ फिल्म का गीत ‘भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं…’ आज भी सभी जुबां पर हैं। उनके निधन की खबर आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
उन्हें अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता था। उनकी देश प्रेम वाली फिल्मों के लिए उन्हें ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली।मनोज कुमार के निधन पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा, ‘…महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के ‘शेर’ मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह फिल्म उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी।’
मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय सिनेमा के सुप्रसिद्ध अभिनेता श्री मनोज कुमार जी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। श्री साय ने कहा कि देशभक्ति फिल्मों के माध्यम से उन्होंने ‘भारत कुमार’ के रूप में पहचान बनाई। उनका योगदान न केवल सिनेमा को, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को भी समर्पित रहा। जब-जब देशभक्ति फिल्मों की बात होगी, मनोज कुमार जी का स्मरण स्वाभाविक रूप से होगा। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें