दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से हथियार और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है। मारे गए माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दंतेवाड़ा के पुलिस सुपरिटेंडेंट (एसपी) गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर की सीमा पर जंगल में उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। एसपी ने बताया कि इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सोमवार को शुरू किए गए अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवान शामिल थे। एसपी ने कहा, सुबह 8 बजे मुठभेड़ शुरू हुई और बाद में हमें तीन माओवादियों के शव मिले। मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा गहन तलाशी अभियान जारी है। एसपी ने आगे कहा कि मामले से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार है। इससे दो दिन पहले 23 मार्च को बीजापुर जिले में 11 लाख रुपये के इनामी छह नक्सलियों समेत कुल 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इनमें से अयातु पुनेम, पांडु कुंजम, कोसी तमो, सोना कुंजम और लिंगेश पदम पर दो-दो लाख रुपये का इनाम था, जबकि तिबरूराम माडवी को पकडऩे के लिए एक लाख रुपये इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया, ‘‘पुनेम प्रतिबंधित माओवादी संगठन के आंध्र-ओडिशा-सीमा (एओबी) मंडल के तहत प्लाटून नंबर 1 के सदस्य के रूप में सक्रिय था। पांडु और तामो क्रमश: प्लाटून नंबर-9 और प्लाटून नंबर- 10 के पार्टी सदस्य थे। सोना नक्सल संगठन की तेलंगाना राज्य समिति के तहत प्लाटून पार्टी का सदस्य था।’’पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘माडवी, जनताना सरकार का प्रमुख था जबकि लखमा कदती, दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन (केएएमएस) का अध्यक्ष था। अन्य निचले स्तर के सदस्य थे।’’ अधिकारी ने बताया कि इस साल अब तक बीजापुर में 107 माओवादियों ने हथियार डाल दिए हैं।
जवानों के हौसले को नमन: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 लाख के ईनामी नक्सली सुधीर को ढेर किया है। यह हमारी डबल इंजन की सरकार और सुरक्षाबलों की बहादुरी का परिणाम है कि वर्ष 2025 में ही बस्तर रेंज में हुए विभिन्न मुठभेड़ों में अब तक 100 नक्सली मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के, मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए, सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मैं जवानों के हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं।