नवनिर्वाचित नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का छग पेंशनधारी कल्याण संघ ने किया सम्मान

भाटापारा। नगर पालिका परिषद भाटापारा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा के लिए छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ ने सम्मान समारोह का आयोजन किया। पेंशनधारी कल्याण संघ ने नगर पालिका चुनाव में जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री शर्मा को बेहतर कार्य करने का आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तारतम्य में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा देने वाली पाँच महिलाओं का भी सम्मान किया गया।

छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ की ओर से सोमवार 10 मार्च को संघ कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद भाटापारा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा को आमंत्रित किया गया था। संघ ने नपा अध्यक्ष श्री शर्मा को नगरीय निकाय चुनाव में विजयश्री प्राप्त करने पर बधाई देते हुए सम्मानित किया। इस आयोजन के लिए नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने संघ का आभार जताते हुए उनसे जनकल्याण में बेहतर कार्य करने के लिए आशीर्वाद माँगा। साथ ही नपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने पेंशनधारियों की नगर पालिका से संबंधित किसी भी तरह की समस्या के त्वरित निराकरण का वादा किया।

इस कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारी कल्याण संघ की ओर से महिला दिवस के उपलक्ष्य में अनेक क्षेत्रों में बेहतर सेवा के लिए श्रीमती रोहिणी मंडावी, श्रीमती राजकुमारी मिरी, श्रीमती उत्तरा वर्मा, श्रीमती निर्मला वर्मा एवं श्रीमती सरोज बाघमार का सम्मान किया गया। संघ की ओर से स्वागत भाषण श्री आर.पी. पटेल ने दिया। कार्यक्रम में नायक सर, श्रीमती एम. यदु, श्री कमल नारायण यदु, श्री आर. एस. शर्मा एवं श्री आशाराम अनंत विशेष रूप से उपस्थित थे।