* उमेश पटेल व महंत ने उठाया सवाल
रायपुर/ महतारी वंदन योजना पर सवाल खड़े करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमेश पटेल ने भाजपा सरकार को अनेक बिंदुओं पर घेरते हुए कहा कि आप वृद्ध महिलाओं को सिर्फ 500 रु.दे रहे हैं। प्रचार कर रहे हैं कि प्रदेश की प्रत्येक महिलाओं को 1000 रु. दे रहे हैं। महिलाओं की संख्या में भी लगातार नाम काटे जा रहे हैं। आपके पास कोई उचित मॉनिटरिंग सिस्टम नहीं है। घोषणाओं में सरकार ने कहा था कि पात्र वही होंगें जो आयकर दाता नहीं होंगें। अब नया नियम लागू कर वृद्ध महिलाओं के 500 रु. काटकर राशि दी जा रही है। कांग्रेस के सदस्यों ने इसे सरकार की महिलाओं के साथ की गई धोखाघड़ी बताते हुए कार्यवाही का बहिष्कार कर प्रतीकात्मक रूप से सदन के बाहर चले गए।
उमेश पटेल ने भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण महतारी वंदन योजना को सवालों के घेरे में लेते हुए इसे शंका के दायरे में लिया। पूछा कि आपने बहुत सारे हितग्राहियों के नाम काटे वह किस आधार और जांच के आधार पर काटे हैं ?कितनी बार जांच करने के बाद नाम कटे हैं। यह भी सवाल उठाया कि बस्तर में फर्जी नामों से राशि निकाली जा रही थी। फिल्मी हीरोईनों के नाम पर महतारी वंदन का पैसा निकलता रहा है। अनेकों फर्जी नामों से प्रदेश भर में अनियमितता बरती जा रही है। सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। आखिर हितग्राही लाभ का क्राइटेरिया क्या है ? जवाब में विभागीय मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जांच निरंतर प्रक्रिया है। कुछ की मृत्यु हो जाती है,कुछ लाभ त्याग करने पर नाम कटता है। अन्य भी कई कारण होते हैं इसलिए नाम संशोधन की निरन्तर प्रक्रिया चलती रहती है। क्राइटेरिया पर जवाब में उन्होंने कहा कि हितग्राही आयकरदाता नहीं होना चाहिए। 21 वर्ष से अधिक उम्र की परित्यक्ता,विधवा को भी योजना का लाभ दिए जाने का प्रावधान है। मंत्री ने स्वीकार किया कि बस्तर में फर्जी नाम से पैसा लिया जा रहा था। कार्यकर्ता व अधिकारियों पर कार्यवाही की गई। विभाग को सारे सुधार करने के निर्देश दिए गए,भविष्य में गलती दोहराई ना जाए यह ताकीद दी गई। उमेश पटेल ने अपने प्रश्न को आगे बढाते हुए सरकार से पूछा कि आप वृद्ध महिलाओं का 500 रु.काटकर सिर्फ 500 रु. दे रहे हैं और प्रोपेगेंडा 1000 देने का कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि वे वृद्धाजंन पहले ही 500 रु.वृद्धा पेंशन का लाभ ले रहीं हैं इसलिए अंतर की राशि 500 रु.दिया जा रहा है। उमेश पटेल ने कहा कि आपके घोषणा पत्र में तो सिर्फ आयकरदाता ना होना चाहिए का प्रावधान था। अब आप नियम के बाहर जा कर काम कर रहे हैं। आपने घोषणा में कहीं कोई और शर्त नहीं रखी थी। मंत्री ने फिर दोहराया कि पेंशनकाट नही जा रहा है बल्कि अंतर की राशि दी जा रही है। उमेश पटेल ने यह कहा कि आपने 1000 रु प्रतिमाह देने की बात की थी। आप 500 काट कर वृद्ध महिलाएं जिनको इस योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए और उन्हें ही सबसे ज्यादा जरूरत होती है,धोका कर रहे हैं। यह कहते हुए सभी कांग्रेस के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए बहिर्गमन कर दिया।
अपनी बारी आने पर प्रश्नकाल में नेता प्रतिपक्ष ने भी अपने इसी संदर्भ के प्रश्न पर सवाल किया कि महतारी वंदन योजना में मृतक हितग्राही की जानकारी कैसे मिलती है क्या तरीका है। मंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से तथा पोर्टल के माध्यम से जानकारी मिलती है। महंत ने इस पर कहा कि मृतक या उसका परिवार तो जानकारी नहीं भी दे सकता है, ऐसी स्थिति में क्या होगा ? मंत्री ने कहा कि हमारे आगनबाड़ी कार्यकर्ता भी जानकारी देते हैं। महंत ने पूछा कि मृतक की जानकारी मिलने में कितना विलंब होता है और इस विलंब के कारण जो पैसा मृतक के खाते में जाता रहता है, उसका क्या होता है,उसकी वापसी के लिए क्या किया गया है। मंत्री ने बताया कि मृत्यु की जानकारी आने का समय को आंकड़े में नहीं बता सकती। आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आदेश है कि जैसे ही किसी हितग्राही की मृत्यु हो जाए जानकारी देकर तत्काल खाता बन्द करवाने का काम करें।