कांग्रेस को बड़ा झटका; धमतरी में महापौर प्रत्याशी का नामांकन रद्द

धमतरी। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। धमतरी नगर निगम में कांग्रेस द्वारा उतारे गए महापौर पद के प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द हो गया है। भाजपा ने गोलछा के निगम ठेकेदार और लाभार्थी होने को लेकर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन रद्द कर दिया। इस मुद्दे को लेकर धमतरी नगर निगम की राजनीति में काफी बवाल मचा हुआ है। अपनी पार्टी के प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद धमतरी के कांग्रेस विधायक ओंकार साहू निगम के सामने धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेता नामांकन रद्द करने को राज्य सरकार के इशारे पर किया गया काम बता रहे हैं।
दरअसल, महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा के नामांकन पर भाजपा के नेताओं ने आपत्ति लगाई थी। जिसके बाद गुरुवार को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई। दोनों पक्षों के वकीलों को करीब डेढ़ घंटे तक सुनने के बाद रिटर्निंग अफसर ने आखिर में कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द घोषित कर दिया। बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा नगर निगम धमतरी में ठेकेदारी करते रहे हैं। इसके चलते वे नगर निगम से लाभार्थी साबित हुए। इसके चलते उनका नामांकन रद्द कर दिया गया है। इस आशय की घोषणा के साथ ही निगम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी और हंगामा करने लगे।

इस नियम के तहत रद्द हुआ नामांकन
भाजपा ने आरोप लगाया था कि विजय गोलछा नगर निगम के ठेकेदार हैं और उसने नगरीय निकाय अधिनियम 1956 की धारा-17 बी (ड) में लिखे प्रावधान का हवाला देते हुए यह कहा था कि यदि कोई नगर निगम का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभार्थी है तो वह महापौर का चुनाव लड़ने के योग्य नहीं माना जा सकता। प्रावधान का हवाला देते हुए भाजपा ने इसे मुद्दा बनाया। नामांकन के बाद इस पर आपत्ति जताई और गुरुवार को सुनवाई हुई जिसमें नामांकन रद्द किया गया।

धरने पर बैठे विधायक ओंकार साहू
धमतरी नगर निगम में महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा के नामांकन रद्द होने की सूचना मिलते ही धमतरी के कांग्रेस विधायक ओंकार साहू नगर निगम पहुंचे और सभाकक्ष के सामने धरने पर बैठ गए। उनके साथ कई कांग्रेसियों ने भी धरना शुरू कर दिया था। दरअसल, महापौर के कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन पर भाजपा ने आपत्ति लगाई थी। इसी पर रिटर्निंग अफसर का फैसला आना था। इस बीच विधायक भी निगम के सभाकक्ष के अंदर जाना चाह रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। इसी से नाराज होकर ओंकार साहू धरने पर बैठ गए और जिला प्रशासन की नीयत पर सवाल खड़े करने लगे।