रायपुर। फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में एक संदिग्ध को दुर्ग जिले से पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस के इनपुट पर दुर्ग आरपीएफ ने कार्रवाई की है। संदिग्ध का नाम आकाश बताया जा रहा है। वह ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में मुंबई से सफर कर रहा था। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया है। संदिग्ध की गिरफ्तारी मुंबई पुलिस के भेजे गए फोटो के आधार पर की गई है। दुर्ग आरपीएफ टीआई एसके सिन्हा ने बताया मुंबई पुलिस देर रात तक यहां पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि आरपीएफ ने कई ट्रेनो में उसकी तलाश की। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। दुर्ग आरपीएफ ने संदिग्ध आरोपी को अपनी कस्टडी में रखा हुआ है। आरपीएफ टीआई का कहना है मुंबई पुलिस दुर्ग आ रही है। वही उससे पूछताछ करेगी। ट्रेन दोपहर करीब 1:30 बजे दुर्ग पहुंची थी। संदिग्ध जनरल डिब्बे में बैठा हुआ था।
सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। अभिनेता के गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगहों पर चाकू से वार किया गया था। हमले के दौरान एक्टर की रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंस गया था जिसे सर्जरी कर बाहर निकाला गया। फिलहाल सैफ अली खान का इलाज मुबंई के लीलावती अस्पताल में चल रहा है।
फोटो के आधार पर हुई पहचान
एसके सिन्हा ने बताया कि संदेही की पहचान मुंबई पुलिस के भेजे गए फोटो के आधार पर की गई। फिलहाल संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध हमलावर है या नहीं इसकी पुष्टि मुंबई पुलिस करेगी। मुंबई पुलिस के अधिकारी आज शाम तक दुर्ग पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि फोटो के आधार पर कई ट्रेनों में तलाश की गई थी। संदिग्ध ने अपने बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
