सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गये; मुख्यमंत्री ने जवानों के अदम्य साहस को नमन किया 

बीजापुर। जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम तीन नक्सली मारे गये हैं। इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में तलाशी अभियान पर थी.ऑपरेशन के दौरान आज सुबह सुरक्षा बलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गये. सुरक्षा बलों ने मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं. मौके से स्वचालित हथियार समेत बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। इलाके में अभी भी सर्च अभियान जारी है.

मुख्यमंत्री ने जवानों के अदम्य साहस को नमन किया 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ आज हुई मुठभेड़ में अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इस सफलता के लिए मैं जवानों के अदम्य साहस को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के पूर्णतः खात्मे के लिए हमारे अभियान को मिल रही यह सफलता, मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने के प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। साय ने कहा कि बस्तर संभाग में शांति एवं खुशहाली की स्थापना हेतु डबल इंजन की सरकार दृढ़ संकल्पित है।