बीजापुर। सुकमा और बीजापुर जिलों में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां की सीमा से लगे कोर माओवादी क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ के दौरान तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। सुकमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण चव्हाण ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के बारे में आगे की जानकारी ऑपरेशन पूरा होने के बाद अलग से जारी की जाएगी। सुकमा डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी), स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन (कोबरा) की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को शुरू किया गया यह ऑपरेशन, क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया था। पूरे दिन छिटपुट गोलीबारी की खबरें मिलती रहीं। सुरक्षा बल फिलहाल मुठभेड़ स्थल और उसके आसपास गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं। बीते दिनों नक्सलियों ने जवाना को निशाना बनाते हुए छत्तीसगढ़ में बड़ा हमला किया था। यहां के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था।
आईईडी ब्लास्ट में 8 जवान शहीद हो गए थे। इनके साथ एक ड्राइवर की भी जान चली गई थी। इस घटना में शहीद हुए 8 जवानों में से 5 जवान पूर्व में नक्सली हुआ करते थे। आज हुई मुठभेड़ में सेना के जवानों ने 8 जवानों की शहादत का बदला ले लिया है। बता दें कि जवानों ने शहीदों की चिता को अग्नि देते समय शपथ ली थी कि भूलेंग नहीं, छोड़ेंगे नहीं। शहादत का बदला लेते हुए जवानों आज 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने जवानों की कामयाबी की सराहना की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा एवं बीजापुर जिले के सीमावर्ती पालीगुड़ा-गुंडराजगुडेम क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ आज हुई मुठभेड़ में अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने पर जवानों को मिली यह कामयाबी की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि मैं उनके अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबल के जवान बहुत ही मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं और उसके खात्मे तक यह लड़ाई जारी रहेगी। इसके लिए हमारी सरकार संकल्पित है।
