नक्सलियों ने जवानों के वाहन को उड़ाया, 8 जवान शहीद; वाहन चालक की भी मौत, मुख्यमंत्री साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया 

 

बीजापुर । बीजापुर में नक्सलियों ने बड़े आईईडी ब्लास्ट को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी को निशाना बनाया है और इसमें 8 जवान शहीद हो गए हैं। सुरक्षाबलों को एक गाड़ी लेकर जा रही थी, जिसे नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर उड़ा दिया। बताया जा रहा कि कई जवान गंभीर रूप से घायल भी हैं। वाहन के चालक की भी मौत हो गई है। वहीं, 5 जवान घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई गई है।

नक्सली घात लगा कर बैठे थे

IG बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि  यह हमला नक्सलियों द्वारा तब किया गया जब दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर की संयुक्त ऑपरेशन पार्टी ऑपरेशन करके लौट रही थी। ब्लास्ट 2:15 बजे हुआ। नक्सली पहले से ही घात लगा कर बैठे थे। इस हमले में दंतेवाड़ा के DRG 8 जवान और एक ड्राइवर समेत 9 लोग शहीद हुए हैं। वहीं अबूझमाड़ के जंगल में शनिवार देर रात मुठभेड़ में एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हुए थे। वहीं, जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 5 माओवादियों को भी मार गिराया था।

मुख्यमंत्री साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

श्री साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी