बलरामपुर। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। जहां उनके काफिले की लगभग 4 गाड़ियां आपस में टकरा गई। बताया जाता है कि, ट्रक चालक की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। फिलहाल मंत्री और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राजपुर थाना क्षेत्र की यह घटना है। वहीं कुछ दिन पहले मंत्री रामविचार नेताम के गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था।
मुख्यमंत्री साय ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से फोन पर बात कर सकुशल होने की जानकारी ली
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से फोन पर बात कर सकुशल होने की जानकारी ली है। उन्होंने एक्स पर लिखा:
बलरामपुर जिले के राजपुर में मंत्रिमंडल की साथी श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े जी के काफिले की गाड़ियों के आपस में टकराने की सूचना प्राप्त हुई। श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े जी से अभी फोन पर बात हुई और उन्होंने स्वयं सहित अन्य सभी के सकुशल होने की जानकारी दी है।*
प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे।
विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन
उल्लेखनीय है कि, कृषि मंत्री रामविचार नेताम रामकृष्ण अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। शुक्रवार को हुए हादसे में उन्हें एक्सीडेंट में हाथ और सिर पर चोंट लगी थी। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि, आप सब की दुआओं से सुरक्षित हूं। मेरे प्रिय शुभचिंतक भाइयों एवं बहनों, हाल ही में हुई दुर्घटना में ईश्वर की कृपा और आप सभी की दुआओं से मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं और अब खतरे से बाहर हूं।