रायपुर-दक्षिण उपचुनाव: कांग्रेस से आकाश शर्मा के नाम पर लगी मुहर, भाजपा के सुनील सोनी से होगा मुकाबला

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ की रायपुर-दक्षिण विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने आकाश शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। आकाश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुनील सोनी से होगा। रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद बनने के बाद स्थानीय भाजपा विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था तब से यह सीट खाली है।
रविवार को रायपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पार्टी हाईकमान को दो नामों का पैनल भेजा गया था, जिसमें प्रमोद दुबे का नाम सबसे आगे था। बाद में उनके नाम पर सहमति न बन पाने की स्थिति में युवा चेहरा आकाश शर्मा पर सभी की पूरी तरह से सहमति बन गई। इसके बाद उनके नाम की घोषणा की गई।
इस बारे में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के 51-रायपुर शहर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए आकाश शर्मा को कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मंजूरी दी है।
रायपुर-दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव हेतु मतदान 13 नवंबर को होगा और परिणाम की घोषणा 23 नवंबर को होगी।

कौन हैं आकाश शर्मा ?
आकाश शर्मा छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वो सात साल तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने  विधानसभा चुनाव 2023 में भी अपनी दावेदारी पेश की थी। साल 2018 और साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में टिकट मांगी थी। उस दौरान आकाश शर्मा को पार्टी ने टिकट नहीं दिया। इस बार कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया है।