मुठभेड़: 28 नक्सली ढेर, एके 47 सहित कई हथियार बरामद

नारायणपुर। दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में 28 माओवादी मारे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ नारायणपुर जिले के दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में दोपहर शुरू हुई। माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम गोवेल, नेंदूर और थुलथुली इलाकों में तलाशी अभियान पर निकली थी, तभी नेंदूर-थुलथुली के जंगल में यह मुठभेड़ हुई। जवानों ने मौके से 24 माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से एके-47, तथा सेल्फ लोडिंग रायफल-एसएलआर के साथ ही कई अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। इलाके में सर्च अभियान अभी भी जारी है। गौरतलब है कि बस्तर संभाग में नारायणपुर के अबुझमाड़ के इलाके में प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
लिहाजा लगातार प्रदेश के उच्चाधिकारियों से लेकर बस्तर आईजी पी. सुंदरराज भी पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। खबर लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन जारी थी।

मुख्यमंत्री ने जवानों की थपथपाई पीठ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 28 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। उन्होंने कहा कि जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। मैं उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। श्री सायने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है।

आज सुबह तक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी: आईजी
बस्तर संभाग के आईजी पी. सुंदरराज के मुताबिक 14 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ अभी भी जारी है। पूरा अपडेट आने में समय लगेगा क्योंकि रात का समय है। रुक-रुक कर दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है। बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमा होने की सूचना है। इस मुठभेड़ में कई इनामी नक्सलियों के भी मारे जाने की खबर है। दूसरी ओर नक्सलियों की कंपनी नंबर 6 को भी पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। कल सुबह तक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
24 नक्सलियों के शव बरामद
24 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अभी भी मुठभेड़ जारी है। रात होने की वजह से पुलिस मुठभेड़ में कुल कितने नक्सली मारे गए हैं यह स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। 40 से ज्यादा भी मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्चिंग जारी है। सूत्रों की माने तो करीब 40 नक्सली इस मुठभेड़ में ढेर हुए हैं।
सभी जवान सुरक्षित
जानकारी के मुताबिक जवान नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना वाली जगह पर पहुंचे तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई में 40 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। क्षेत्र में रुक- रुक कर गोलीबारी हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है।