रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू की पत्नी कमला देवी साहू का रविवार देर रात निधन हो गया। उनका रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 72 वर्षीय कमला देवी साहू पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थीं। उनके निधन से सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
शोक-संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कमला देवी साहू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री साय ने कहा है कि पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू जी की धर्मपत्नी श्रीमती कमला देवी साहू के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने अपने शोक संदेश में कहा है कि कमला देवी साहू के निधन का समाचार दुखद है। वह बेहद मृदुभाषी व मिलनसार थीं। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं ताम्रध्वज जी समेत समस्त साहू परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।