बलौदाबाजार:  आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में  भिलाई के विधायक देवेन्द्र यादव गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने आज भिलाई के विधायक देवेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस मौके पर विधायक के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प होने की भी खबर है। पुलिस द्वारा विधायक देवेन्द्र यादव को पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नोटिस के बावजूद पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि गिरौधपुरी में पवित्र जैतखांभ में तोड़फोड़ के विरोध में बीते दस जून को बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में सतनामी समाज द्वारा प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद कलेक्टर और एसपी को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने अब तक एक सौ सत्तर से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, सभास्थल पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में विधायक देवेन्द्र यादव को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया था।