नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने आज दसवीं और बारहवीं कक्षा के नतीजे घोषित किए। सीबीएसई ने एक बयान में कहा है कि बारहवीं में सतासी प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। यह प्रतिशत पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। बारहवीं की परीक्षा में चौबीस हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंचानवे प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं और एक लाख सोलह हजार से अधिक छात्रों ने नब्बे प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों की तुलना में छह प्रतिशत से अधिक है। बारहवीं की परीक्षा के लिए कोई मेरिट सूची घोषित नहीं की जाएगी। बोर्ड ने कक्षा दसवीं के नतीजों की भी घोषणा की है। विद्यार्थी अपना परिणाम सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट- www.cbsetesults.nic.in, www.cbse.gov.in के साथ-साथ डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर भी देख सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने सीबीएसई के दसवीं और बारहवीं कक्षा के सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि विद्यार्थियों के अथक परिश्रम और उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और शिक्षकों के सहयोग के लिए उनकी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सीबीएसई के नतीजे जारी होने पर उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, वे निराश न हों। कोशिश करते रहें सफलता एक दिन जरूर मिलेगी।
