विस्फोट में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद 

बीजापुर। जिले में आज एक विस्फोट में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जिले के उसूर थाना क्षेत्र में गलगम इलाके में स्थित सुरक्षा कैम्प से एरिया डोमिनेशन के लिए सीआरपीएफ की एक टीम आज सुबह रवाना हुई थी। कार्यवाही के दौरान दुर्घटनावश यूबीजीएल में विस्फोट हो गया। इससे सीआरपीएफ की एक सौ छियानवीं वाहिनी का आरक्षक देवेन्द्र कुमार घायल हो गया। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। देवेन्द्र कुमार बस्तर जिले के धोबीगुड़ा गांव का रहने वाला था। उसका अंतिम संस्कार कल उसके गृहग्राम में किया जाएगा।
एक अन्य घटना में बीजापुर जिले के ही भैरमगढ़ इलाके में हुए एक आईईडी विस्फोट में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ का एक सहायक सेनानी घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ का दल चिहका क्षेत्र में स्थित पोलिंग बूथ के आसपास के इलाके में एरिया डॉमिनेशन की कार्यवाही कर रहा था, तभी प्रेशर आईईडी में विस्फोट होने से सहायक सेनानी
मनु एचसी को हाथ और पैर में चोट आई। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर लाने की तैयारी चल रही है।