छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों- कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव के लिए अधिसूचना जारी, नामांकन  शुरू 

रायपुर।  छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों- कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव लोकसभा सीटों के लिए नामांकन गुरुवार से शुरू हो गया है। इन तीन लोकसभा क्षेत्रों- कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव सीटों के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 4 अप्रैल है। नामांकन की जांच 5 अप्रैल को होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अप्रैल है। मतदान 26 अप्रैल को होगा।

कांकेर लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर अभिजीत सिंह ने बताया कि कांकेर लोकसभा सीट के अंतर्गत आठ लोकसभा क्षेत्र- सिहावा, संजारी बालोद, डौंडीलोहारा, गुंडरदेही, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर और केशकाल विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कांकेर लोकसभा क्षेत्र में 8,07,549 पुरुष मतदाता, 8,43,124 महिला मतदाता और 19 तृतीय लिंग मतदाता सहित 16,50,692 मतदाता हैं। 3249 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 85 वर्ष से अधिक है। 54,372 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है. यहां 16,696 दिव्यांग मतदाता हैं. कांकेर लोकसभा सीटों में 2817 मतदान केंद्र हैं. राजनांदगाव लोक सभा सीट के रिटर्निंग अफसर संजय अग्रवाल ने बताया कि राजनांदगांव लोकसभा सीट में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं- पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी और मोहला-मानपुर. पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव और खुज्जी में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक और मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। राजनांदगांव लोकसभा सीट में 2,329 मतदान केंद्र और एक सहायक मतदान केंद्र हैं। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में 9,28,329 पुरुष मतदाता, 9,36,837 महिला मतदाता और 9 तृतीय लिंग मतदाता सहित 18,65,175 मतदाता हैं।
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर प्रभात मलिक ने बताया कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में 2146 मतदान केंद्र हैं. महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में 8,65,125 पुरुष मतदाता, 8,94,023 महिला मतदाता और 33 तृतीय लिंग मतदाता सहित 17,59,181 मतदाता हैं। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं- सरायपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, राजिम, बिंद्रानवागढ़, कुरुद और धमतरी।