रायगढ़-बिलासपुर जिले के कलेक्टर हटाए गए, दुर्ग सहित तीन जिलों के एसपी भी हटे

रायपुर। आचार संहिता लगने के बाद चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जिलों के कलेक्टर और तीन पुलिस अधीक्षकों को हटाने का आदेश दिया है। जिन अधिकारियों को हटाने का आदेश दिया गया है उनमें रायगढ़ कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा और बिलासपुर कलेक्टर संजीव झा शामिल हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षकों में राजनांदगांव के एसपी अभिषेक मीणा, दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा और कोरबा एसपी उदय किरण शामिल हैं। इनके अलावा बिलासपुर के एडिश्नल एसपी अभिषेक महेश्वरी और दुर्ग के एडिशनल एसपी संजय ध्रुव को भी हटाने को कहा है। हटाए गए सभी अधिकारियों को तुरंत अपने कनिष्ट अधिकारी को कार्यभार सौंपने कहा है। इसके साथ ही आयोग ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कल शाम तक तीन नामों को पेनल मंगाया है। उसमें से किसी एक नाम पर टिक लगाकर, कलेक्टर एसपी की नियुक्ति होगी।