पाटन। जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष अशोक साहू ने प्रदेश बीजेपी को आडे हाथो लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा लगातार शहर से लेकर गांव-गांव तक पहुंचकर बेहतर से बेहतर कार्य किया जा रहा है। जिसकी आज पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा होने लगी है। यही कारण है कि अब वे चलबो गोठान और खोलबो पोल की झूठ व फरेब की राजनीति कर आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ का हर वर्ग एवं भोली भाली जनता सब जानती हैं।दुर्ग जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने भगवान राम के लिये मुक्त कंठ से कार्य किया और राम वन पथ गमन मार्ग बनाया, गोठान बनाया इसके बावजूद विपक्ष की पार्टी को मुद्दा नही मिलने पर मुख्यमंत्री की योजना को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा हैं। उसमें भी उन्हें हताशा एवं निराशा ही मिल रही है। साथ में भाजपाई गौठान में गौमाता के कोटना में जूता पहनकर अपनी फोटो वायरल कर रहे हैं, ऐसे गौमाता के अपमान करने वालों को भगवान भी माफ नहीं करेंगे। श्री साहू ने आगे कहा कि प्रदेश के समस्त गोठानों में मुख्यमंत्री के बेहतर कार्य की जानकारी भाजपा को सुनने मिल रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर से बेहतर कार्य कर न केवल कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर लाकर गरीब एवं किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है बल्कि शहर से लेकर ग्रामीण जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनी जा रही है। जिसकी सराहना पूरे छत्तीसगढ़ में होनें लगी है। भूपेश बघेल की इस बढ़ती हुई लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह बौखला चुकी है और अब उनके जनहितकारी योजनाओं को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। वहां भी उन्हें अब पूर्ण रूप से निराशा ही हाथ लग रही है।
