![]()
धमतरी। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बीती देर रात हुई एक भीषण दुर्घटना में बारात से लौट रहे 10 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक छह माह की बच्ची घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए रायपुर लाया गया है।हादसा बुधवार बालोद जिले के जगतरा से तीन किलोमीटर पहले हुआ। बोलेरो में 11 लोग सवार थे। मृतकों में चार पुरुष, पांच महिला और एक बच्चा शामिल है। मृतक धमतरी जिले के सोरम- भटगांव के निवासी है। इस घटना से शादी का जश्न मातम में बदल गया। धमतरी-कांकेर नेशनल हाइवे-30 पर तेज रफ्तार ट्रक से उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई।
पुरूर पुलिस ने बताया कि बुधवार को सोरम-भटगांव से बोलेरो में साहू परिवार के 11 लोग बारात में ग्राम मारकाटोला गए थे। रात में सभी वापस घर लौट रहे थे। बोलेरो चालक केशव साहू की भी मौत हो गई है। साहू परिवार में ही शादी थी। एक बच्चे की मौत धमतरी के जिला अस्पताल मे इलाज के दौरान हो गई। 11 में से 9 की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। लोगों की मदद से बोलेरो वाहन में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर के चीरघर में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देर रात ट्वीट कर दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा है कि- अभी अभी सूचना मिली है कि बालोद के पुरूर और चारमा के बीच बालोदगहन के पास शादी कार्यक्रम में जा रही बोलेरो और ट्रक के बीच भिड़ंत में 10 लोगों की मृत्यु हो गई है एवं एक बच्ची की स्थिति गंभीर है। ईश्वर दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को हिम्मत दे। घायल बच्ची के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
