भिलाई के वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू का आकस्मिक निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया 

 

भिलाई। शहर के वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू का रविवार को निधन हो गया। सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और आक्सीजन लेबल 70 तक जा पहुंचा। लगातार खांसी आने की वजह से उन्हें तत्काल पल्स हास्पिटल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनका लगभग सवा 10 बजे निधन हो गया। पत्रकार कालोनी सुपेला निवासी पिछले तीन दशक से मोहन साहू सक्रिय पत्रकारिता में रहे। श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष सहित अनेक संगठनों का नेतृत्व किया। मृदुभाषी, मिलनसार मोहन साहू के निधन‌ से पत्रकार बिरादरी में शोक की लहर है। न्यू प्रेस क्लब आफ भिलाई नगर ने उनके आकस्मिक निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। 57 वर्षीय मोहन साहू शनिवार को दिन भर भेंट मुलाकात कार्यक्रम की रिपोर्टिंग में थे। वर्तमान में मोहन साहू सीजी इंडियन एक्सप्रेस न्यूज पोर्टल के संपादक और ट्रू सोल्जर अखबार में भिलाई प्रतिनिधि के रूप में सेवाएं दे रहे थे। परिजनों ने बताया कि रात को सभी खबरें अपडेट करने के बाद भोजन कर वो सो गए। सुबह अचानक उन्हें लगातार खांसी आई और तबियत बिगड़ने पर पुत्र कृष्णकांत के साथ वो पल्स हास्पिटल गए। चिकित्सकों के अनुसार श्री साहू को ह्रदयाघात हुआ और उनकी सांसें थम गईं। वो पत्नी, दो पुत्र कृष्णकांत और युद्धवीर तथा एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम गुंडरदेही के 6 किमी दूर स्थित तवेरा ग्राम में कल किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा निवास प्रियदर्शनी परिसर पत्रकार कॉलोनी भिलाई से गृह ग्राम के लिए कल सुबह 10:00 निकाली जाएगी।

मोहन साहू के निधन पर मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त

वरिष्ठ पत्रकार मोहन साहू के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री साहू भिलाई के वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकारों में रहे हैं। कल भी वे भेंट मुलाकात कार्यक्रम पर आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होने आए थे । मुख्यमंत्री ने श्री साहू के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ परिवारजनों के प्रति सांत्वना भी व्यक्त की है।