भाटापारा। पुलिस व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा स्थानों पर पुलिस चौकी, पुलिस सहायता केंद्र और पुलिस थाने खोलने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व वर्षों की तुलना में पुलिसिंग बेहतर हुई है। उपरोक्त बातें रायपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक आरिफ शेख ने भाटापारा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। रायपुर संभाग के आईजी आरिफ शेख शुक्रवार की शाम को अचानक भाटापारा पहुंचे थे। उनके साथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा भी मौजूद थे। आईजी आरिफ शेख ने भाटापारा शहर थाना और एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। भाटापारा शहर थाने में लगे सिटी सर्विलांस सिस्टम का भी निरीक्षण किया और उसमें और अधिक सुधार लाने के लिए निर्देश जारी किए। जब उन्हें बताया गया कि इसके लगने से अपराधों में कमी आ रही है और आरोपी तथा अपराधी इसकी सहायता से जल्दी पकड़े जा रहे हैं तब उन्होंने इस पर खुशी जाहिर करते हुए इसे और सुदृढ़ बनाने की बात कही। यहां यह बता दें कि आईजी आरिफ शेख पूर्व में जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन दिनों की बातों को उन्होंने पत्रकारों के समक्ष याद करते हुए कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार पुलिसिंग की आवश्यकता होती है इसे हेतु संभाग के सभी थानों को निर्देश जारी किए गए है। आईजी ने विवेचक कक्ष आदि का निरीक्षण किया। पत्रकारों की ओर से बताया गया कि थानों सहित यातायात विभाग में भी पुलिस बल की भारी कमी है, जिस पर उन्होंने कहा कि इसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। भर्ती आदि होते ही कमी को दूर कर दिया जाएगा। आई जी आरिफ शेख के प्रवास में उनके साथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सचिंद्र चौबे, डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह, भाटापारा के एसडीओपी आशीष अरोरा, डीएसपी ट्रैफिक अमृत कुजूर, थाना के प्रभारी अरुण साहू सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे।
