भाटापारा। बीती देर रात बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गये हैं। घटना भाटापारा अंतर्गत खमरिया ग्राम के dpws स्कूल के पास की है। हादसे में 2 बच्चे भी शामिल हैं। ये हादसा पिकअप और ट्रक की टक्कर से हुआ है। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार और पड़ोसी बताये जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 11 बजे बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग पर ट्रक और पिकअप वैन में भीषण टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गये । जानकारी के मतुाबिक सिमगा ब्लाक के खिलोरा ग्राम निवासी साहू परिवार एक परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाटापारा-बलौदाबाजार के बीच अर्जुनी गांव आये हुए थे। जहां से वापस डीआई वाहन में लगभग 25 से 30 लोग खिलोरा के लिए निकले थे, तभी खमरिया में स्थित dpws स्कूल के पास सामने से आती ट्रक और डीआई वाहन की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर 11 लोगों की मौत हो गयी, जिसमे 2 बच्चे भी शामिल है। वही, 10 से ज्यादा लोग घायल हो गये हैं। गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को रायपुर रेफर किया गया है।
*मुख्यमंत्री ने गहरा दुख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बलौदाबाजार – भाटापारा मार्ग में बीती रात सड़क हादसे में ग्यारह लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस घटना के घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
